रवि भूषण मिश्र
*श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिन उमड़ा आस्था का सैलाब, पूर्व मंत्री डॉ. संजय सिंह ने लिया आशीर्वाद*
Up today न्यूज़
अमेठी उत्तर प्रदेश भादर/अमेठी जनपद के भादर विकास खंड अंतर्गत अग्रेसर गांव में आयोजित सप्त दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के छठे दिन बुधवार को कंस वध और भगवान श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह का दिव्य प्रसंग बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर कथा पंडाल में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरा वातावरण ‘राधे-राधे’ तथा ‘बांके बिहारी लाल की जय’ के जयकारों से गूंजायमान हो उठा।
कथा व्यास पंडित राहुल शुक्ला ने अपनी मधुर, ओजस्वी और संगीतमय वाणी से कंस वध तथा भगवान श्रीकृष्ण व माता रुक्मिणी के विवाह की आध्यात्मिक कथा का विस्तारपूर्वक रसपान कराया। उन्होंने कथा के माध्यम से जीवन का सार समझाते हुए कहा कि जब-जब पृथ्वी पर अधर्म, अत्याचार और अहंकार बढ़ता है, तब-तब धर्म की स्थापना और भक्तों के उद्धार के लिए ईश्वर स्वयं अवतार लेते हैं। कंस का वध इस बात का प्रतीक है कि अन्याय की आयु कितनी भी लंबी क्यों न हो, अंततः विजय सत्य और धर्म की ही होती है।
इसके पश्चात जैसे ही कथा में भगवान श्रीकृष्ण और माता रुक्मिणी के विवाह का प्रसंग आया, पूरा पंडाल उत्साह से सराबोर हो गया। विवाह उत्सव के उपलक्ष्य में आकर्षक और मनमोहक झांकी सजाई गई, जिसने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। संगीतमय भजनों और मंगल गीतों की मधुर धुन पर कार्यक्रम के मुख्य यजमान एवं उत्तर प्रदेश पुलिस से दरोगा पद से सेवानिवृत्त हृदय राम वनवासी तथा उनकी धर्मपत्नी राजकली भक्ति भाव में डूबकर झूमते नजर आए। उनके साथ ही पंडाल में मौजूद सैकड़ों महिलाएं और पुरुष भी भाव-विभोर होकर नृत्य करने लगे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्य यजमान दंपती ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन और आरती संपन्न कराई, जिसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

इस धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने के लिए उत्तर प्रदेश के पूर्व परिवहन मंत्री डॉ. संजय सिंह विशेष रूप से कथा स्थल पर पहुंचे। उन्होंने व्यास पीठ पर विराजमान कथा वाचक पंडित राहुल शुक्ला का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। पूर्व मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्र में हो रहे इस भव्य धार्मिक आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण से समाज में सद्भाव, संस्कार और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
इस शुभ अवसर पर एडवोकेट सुधांशु राणा मिश्र, विनय सिंह, भानू सिंह, संजय तिवारी, दिलीप तिवारी, चिरंजीव लाल जायसवाल, स्वर संगम, शिव प्रसाद तिवारी और सुभाष सिंह सहित क्षेत्र के कई प्रतिष्ठित और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व श्रद्धालु देर शाम तक कथा का आनंद लेते रहे। आयोजन समिति के सदस्यों ने सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

