Uptoday न्यूज
*अमेठी।* खेल निदेशालय के निर्देशानुसार जिला क्रीड़ाधिकारी आनन्द बिहारी श्रीवास्तव ने बताया कि वर्ष 2023-24 में आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालिका कुश्ती प्रतियोगिता हेतु जिला एवं मण्डल स्तरीय चयन/ट्रायल्स निर्धारित किया गया है जिसके तहत जिला स्तर ट्रायल्स अमेठी में 07 फरवरी 2024 एवं मण्डल स्तर ट्रायल्स अयोध्या में 08 फरवरी 2024 तथा प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन जिला खेल कार्यालय देवरिया में 14 फरवरी 2024 से 16 फरवरी 2024 तक किया जायेगा। उन्होंने बताया कि उपरोक्त खेल का जिला स्तर चयन/ट्रायल्स 07 फरवरी 2024 को प्रातः 10 बजे डॉ0 भीमराव अम्बेडकर स्टेडियम अमेठी में आयोजित किया जायेगा एवं चयन/ट्रायल्स में भाग लेने वाली बालिका का निर्धारित भार वर्ग 50, 53, 55, 57, 59, 62, 65, 68, 72 व 76 किलोग्राम तथा खिलाड़ियों को पात्रता प्रमाण पत्र साथ में लाना अनिवार्य होगा। इस सम्बन्ध में उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को जन्मतिथि प्रमाण पत्र (हाईस्कूल सर्टिफिकेट/नगर निगम द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र) की प्रति के साथ छायाप्रति सम्बन्धित विद्यालय के प्रधानाचार्य/प्रधानाचार्या से प्रमाणित प्रमाण पत्र के साथ में लाना अनिवार्य होगा, जिस पर सत्यापित जन्मतिथि अंकों व शब्दों में स्पष्ट रूप से अंकित हो। उन्होंने बताया कि उक्त पात्रता व आयु प्रमाण पत्र साथ में न लाने की दशा में खिलाड़ी को प्रतियोगिता में सम्मिलित नहीं किया जायेगा तथा किसी प्रकार की सुविधा प्रदान नही की जायेगी।