Uptoday न्यूज
मीनाक्षी मिश्रा
अमेठी । एक बार पुनः कांग्रेस युवराज राहुल गांधी अमेठी आ रहे हैं। कांग्रेस का अमेठी से पुराना नाता रहा है। लगभग 35 वर्ष कांग्रेस ने अमेठी पर राज किया । अमेठी को कांग्रेस का गढ़ कहा जाता था। कांग्रेस को अमेठी में समेटने का प्रयास स्मृति ईरानी ने किया। पहला लोकसभा चुनाव राहुल गांधी से हारने के बावजूद लगातार अमेठी में स्मृति ईरानी पैठ बनाने की कोशिश करती रहीं। और एक करिश्मा ही कहा जाए कि उनके प्रयास रंग लाए और कांग्रेस के मजबूत गढ़ अमेठी का किला भेदने में कामयाब रहीं। जिसके पश्चात राहुल गांधी अमेठी से गायब से हो गए। दो वर्ष पूर्व विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी अपने प्रत्यासी के समर्थन में वोट मांगने अमेठी आए। पुनः राहुल के अमेठी आने की सुगबुगाहट चर्चा का विषय बनी हुई है। पक्ष वाले स्मृति के विकास को गिनवा रहे तो विपक्ष भारत जोड़ो न्याय यात्रा के जरिए जनता का रूख मोड़ने के प्रयास में है। वहीं स्थानीय भाजपा नेता वा जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश मसाला का बयान आया है कि “राहुल गांधी बहुत बुद्धिमान और बड़े नेता है। 35 वर्ष के उनकी पार्टी के कार्यकाल में अमेठी में कोई विकास नहीं हुआ। वो जिस ओवर ब्रिज से चलकर यात्रा को आगे बढ़ाएंगे वो दीदी स्मृति का बनवाया हुआ है। अमेठी में अब जाम नही लगता।” जबकि कांग्रेस नेताओं का बयान आ रहा है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को असफल बनाने के लिए जनपद अमेठी में धारा 144 लगाई गई है। कांग्रेस महासचिव वा मीडिया कोऑर्डिनेटर अनिल सिंह के अनुसार भारत जोड़ो न्याय यात्रा के जनपद अमेठी पंहुचने की संभावित तिथि 19 फ़रवरी 2024 निर्धारित हुई है। न्याय यात्रा, प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार जनपद- प्रतापगढ़ के रामपुर विधानसभा अन्तर्गत कस्बा अठेहा से निकलकर अमेठी विधानसभा के ककवा- महाराजपुर होते हुए अमेठी-गौरीगंज-गांधीनगर-जायस -फुरसतगंज के रास्ते रायबरेली प्रस्थान करेगी।
न्याय यात्रा के कोआर्डिनेटर सुशांत मिश्र, पूर्व विधायक नीलांशु चतुर्वेदी,अनिल यादव, अरविन्द कुलवाल के साथ अमेठी कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल, प्रदेश महासचिव योगेंद्र मिश्र, विवेकानंद पाठक न्याय यात्रा को वृहद एवं ऐतिहासिक यात्रा बनाने की रुपरेखा तैयारी में जुटे हुए हैं। यात्रा को लेकर अमेठी के कांग्रेसी नेताओं में बड़ा उत्साह है। स्थानीय प्रबुद्ध संभ्रांत लोगों का भी राहुल गाँधी की न्याय यात्रा में शामिल होने व स्वागत के लिए बेहद उत्साहित हैं। उनके अनुसार अमेठी की जनता राहुल गांधी की न्याय यात्रा को लेकर अपने को गौरवान्वित महसूस कर रही है और उत्साहित है कि अपने नेता राहुल गाँधी,जिसने पूरे देश में अमेठी का नाम रोशन किया, शीघ्र ही हमारे बीच अमेठी आ रहे हैं।
राहुल गांधी की न्याय यात्रा क्या कांग्रेस के लिए वोट बैंक में तब्दील होगी या स्मृति का जादू आम लोगों के सिर चढ़ कर बोलेगा ये तो आने वाले लोकसभा चुनाव के नतीजे बताएंगे।