कुंभ से अयोध्या जाते समय दुखभंजन नाथ मंदिर सहजीपुर में रुकी श्रद्धालुओं की बस।
सुधीर रंजन
Uptoday न्यूज
अमेठी। ईश्वर की आस्था में डूबे हिमाचल प्रदेश से प्रयागराज कुंभ पहुंचे पांच दर्जन श्रद्धालुओं ने अपनी अयोध्या धाम यात्रा के पूर्व जिले के संग्रामपुर ब्लाक स्थित दुखभंजन नाथ मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व पर जलाभिषेक किया। हिमाचल प्रदेश के मंडी और विलासपुर जिले से धर्मयात्रा पर निकले श्रद्धालुओं ने शिव जी के गीत गाते हुए महादेव का जलाभिषेक किया। हिमाचल प्रदेश के विलासपुर जिले से आए श्रद्धालु ज्ञान सिंह ने बताया कि कल हम लोग अपनी दो बसों से प्रयागराज महाकुंभ में पहुंच कर गंगाजी में स्नान किया। इस संवाददाता ने जब प्रयागराज में सरकारी इंतजाम के बारे में पूंछने पर बताया कि इतना बढ़िया इंतजाम किसी धर्मस्थल पर देखने को नहीं मिला। योगी जी ने बहुत बढ़िया इंतजाम किया है, इसी का नतीजा है कि देश भर के श्रद्धालुओं का काफिला प्रयागराज की ओर दौड़ा चला आ रहा है।

इन्हीं श्रद्धालुओं में से एक हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के निवासी ध्यान सिंह ने बताया कि भगवान शिव की कृपा से आज हम सबको महाशिवरात्रि पर्व पर यहां के शिवालय में जलाभिषेक का अवसर मिला है। इसी क्रम में हेम सिंह ने बताया कि हम लोग प्रयागराज से अयोध्या धाम पहुंचेंगे और वहां से वृंदावन धाम होकर हरिद्वार पहुंचेंगे। जहां से मार्कण्डेय आश्रम पहुंचकर स्नान और पूजन करके हिमाचल प्रदेश लौटेंगे। हिमाचल प्रदेश के श्रद्धालुओं में शामिल मीना देवी, कांता देवी, गीता देवी आदि महिला श्रद्धालुओं ने स्थानीय महिला श्रद्धालुओं की पूजा सामग्री से ही बेल पत्र, बेर और अन्य वस्तुएं आग्रह पूर्वक लेकर भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया। इसके साथ ही मंदिर परिसर में लगे छोटे से मेरे में महिला श्रद्धालुओं ने खरीदारी भी की। वहीं अपने बीच हिमाचल प्रदेश के इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने भी उनका पूजन अर्चन में पूरा सहयोग किया।

