Uptoday न्यूज
जनपद अमेठी। वर्तमान समय में रिश्तों का महत्व निम्नतर स्तर पर पहुंच गया है। प्रेम विवाह और फिर धोखा आम बात हो गई है। रिश्तों को निभाने की कशमकश इस हद तक कम हो गई है कि पति पत्नी होते हुए भी एक दूसरे की जान लेने पर आमादा नजर आते हैं। ऐसा ही एक वाकिया अमेठी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव परसौली
का सामने आया है। जहां पर एक युवती के साथ धोखाधड़ी और शोषण का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार कालिका यादव उर्फ कप्तान द्वारा पहले शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया गया और जब युवती द्वारा कानूनी दबाव बनाने के बाद कोर्ट मैरिज की, तो भी ससुरालवालों ने उसे घर में घुसने नहीं दिया। पीड़िता जब अपने ससुराल पहुंची, तो उसे दरवाजे पर ही खड़ा रखा गया, जिससे आक्रोशित होकर उसने हंगामा कर दिया, पीड़िता ने प्रेमी कालिका यादव उर्फ कप्तान, के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उसके अनुसार प्रेमी ने पहले प्यार का नाटक कर शादी का वादा किया, लेकिन बाद में इनकार कर दिया। कोर्ट मैरिज के बाद भी उसे अपनाने से इंकार कर दिया गया, जिससे पीड़िता का गुस्सा फूट पड़ा। वह सुबह से रात तक घर के बाहर खड़ी रही, लेकिन ससुरालवालों ने दरवाजा नहीं खोला । प्रेमिका का कहना है कि उसने समाज और कानून की मदद से अपने अधिकार के लिए लड़ाई लड़ी, लेकिन अब भी उसे न्याय नहीं मिल रहा है। वह प्रशासन से आरोपी और उसके परिवार पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है। अमेठी कोतवाली प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

