Uptoday न्यूज
अमेठी। राजस्व के प्रत्येक कार्य लेखपाल के बिना संपूर्ण नहीं होते जबकि दो हजार ग्रेड पे पाने वाले लेखपालों पर आए दिन भ्रष्टाचार का आरोप लगता रहता है किंतु बड़ा प्रश्न यह है कि आम जन से जुड़ने वाली प्रथम कड़ी लेखपालों की मूलभूत सुविधाओं वा उनके वेतन भत्ते में बढ़ोतरी के बारे में कोई सुध नहीं लेता न ही उन्हें उनके कार्य के अनुसार मानदेय प्राप्त होता है। लगातार फील्ड वर्क करने वाले लेखपालों को भत्ते के नाम पर मात्र 100 रुपए मिलता है जिससे महंगाई के दौर में उन्हें अत्यधिक मुश्किलों से जीवन यापन करना पड़ रहा है। शासन को जगाने वा अपनी मांगों को लेकर लेखपाल संघ के अध्यक्ष प्रभात सिंह के नेतृत्व में लेखपालों द्वारा आज तहसील में धरना प्रदर्शन किया गया तथा अपनी मांगों को लेकर उपजिलाधिकारी तथा तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया।
लेखपालों द्वारा मांग की गई कि लेखपाल चयन में शैक्षणिक योग्यता इंटर से बढ़ा कर ग्रेजुएशन की जाए , पदनाम परिवर्तन किया जाए , लेखपालों की पुरानी पेंशन विसंगति को दूर करते हुए लेखपाल वा नायब तहसीलदार के नवीन पद का सृजन किया जाए। लेखपालों ने सभी प्रकार के भत्ते की मांग की तथा कहा कि 23 अगस्त 2018 के शासनादेश के अनुसार अंतर्जनपदीय स्थानांतरण आवेदन परिषद ने मांग लिया है किंतु अब तक स्थानांतरण नहीं हुआ है जिसके चलते लेखपालों में काफी आक्रोश है । इसके साथ ही लेखपालों द्वारा राजस्व निरीक्षक के पदों में प्रोन्नति की भी मांग दोहराई। लेखपालों द्वारा प्रारंभिक वेतनमान में वृद्धि की मांग दोहराई अन्यथा की स्थिति में लेखपालों द्वारा अनवरत धरने की बात कही गई है।

