Uptoday न्यूज
अमेठी । अमेठी तहसील के अंतर्गत भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा देखने को मिली । हदबरारी कराने गए कानून गो के सहयोग से दबंगों ने अपनी जमीन की पैमाईश करा रहे नव युवक के ऊपर जानलेवा हमला कर दिया। भ्रष्ट कानून गो मौके से अपने प्राइवेट रखे व्यक्ति को लेकर फरार हो गया और इंतेहा तो तब हो गई जब उसके द्वारा नव युवक के ऊपर जानलेवा हमला होता देख भी प्रशासन को सूचित करने तक की भी जहमत नहीं उठाई गई । दरअसल हम बात कर रहे हैं तहसील अमेठी के अंतर्गत आने वाली ग्राम सभा नरैनी के सुक्खा तिवारी का पुरवा की । जहां के निवासी पुरुषोत्तम गुप्ता पुत्र वासुदेव गुप्ता द्वारा 6 मार्च 2026 को अपनी मां द्वारा हद बरारी अंतर्गत धारा 24 उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता सुभद्रा बनाम विजय श्याम शुक्ला के तहत दायर वाद में पैमाईश करवाई जा रही थी । पैमाईश की तिथि निर्धारित होने से पूर्व ही कानून गो जगदीश अपने रखे प्राइवेट व्यक्ति शिव शंकर शुक्ला के माध्यम से लगातार अधिवक्ता मीनाक्षी मिश्रा से पैसे की मांग कर रहा था किंतु पैसा ना मिलने पर वह विपक्षी अत्यधिक दबंग व्यक्ति विजय श्याम शुक्ला के प्रभाव में आकर शिव शंकर के माध्यम से गलत नपत करता रहा। इस दौरान महिला अधिवक्ता मीनाक्षी मिश्रा के सम्मुख ही विपक्षी विजय श्याम शुक्ला लगातार वादी पुरुषोत्तम गुप्ता को गाली देता रहा किंतु कानून गो वादी को दबा कर शिव शंकर के माध्यम से गलत नपत करते रहे वा फोर्स नहीं बुलाई गई। लेखपाल से अधिवक्ता द्वारा शिकायत करने पर लेखपाल ने कानून गो साहब से शिकायत करने की बात कही और साहब को किसी की हत्या भी हो जाए तो कोई फर्क नहीं पड़ता। गलत नपत करते हुए कानून गो ने विजय श्याम शुक्ला के बुलाए गुंडों के सम्मुख ही पीड़ित पुरुषोत्तम से जबरन हस्ताक्षर करवा लिए। इसके बाद कानून गो के प्राइवेट व्यक्ति शिव शंकर द्वारा कहा गया कि मेरा काम हो गया अब मारो। पीड़ित पुरुषोत्तम को महिला अधिवक्ता के सम्मुख ही विजय श्याम शुक्ला के बुलाए गुंडों द्वारा पीटा जाने लगा। लेखपाल द्वारा उन्हें ऐसा करने से रोका गया किंतु कानून गो शिव शंकर के साथ मौके से बिना पुलिस को सूचना दिए फरार हो गए। महिला अधिवक्ता द्वारा अपनी गाड़ी में बैठाकर युवक को थाने पहुंचाया गया और उसकी जान बचाई गई। पीड़ित युवक द्वारा उप जिलाधिकारी वा जिलाधिकारी से कानून गो वा शिव शंकर के खिलाफ कार्यवाही की मांग की गई है।

